राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल पहुंचे पंचशील कॉलोनी, पीड़ित परिवार से मिलकर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर की पंचशील कॉलोनी में पारिवारिक विवाद के बाद हुई फायरिंग की घटना के बाद प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने घायल महिलाओं के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पूरे मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मौके पर ही उच्च अधिकारियों से वार्ता की और सिविल लाइन थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान को तत्काल बुलाकर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और मामले की गहन जांच कर जल्द कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गौरतलब है कि सोमवार देर शाम पंचशील कॉलोनी में बेटे का जन्मदिन मनाने ससुराल पहुंचे अनंत विजय मित्तल ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। घटना में उसकी सास क्षमा मित्तल, चचिया सास सविता मित्तल और सलहज अपूर्वा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
घायलों को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर किया गया। फिलहाल तीनों महिलाओं का उपचार मेरठ के अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अनंत विजय मित्तल निवासी लालतप्पड़, डोईवाला (देहरादून) की शादी वर्ष 2012 में पंचशील कॉलोनी निवासी राधिका मित्तल से हुई थी। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने उसकी लाइसेंसी रिवॉल्वर कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

