छपार पुलिस का बड़ा खुलासा, चरथावल क्षेत्र निवासी तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की तीन बाइक बरामद
राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हरिद्वार और देवबंद से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें, दो अवैध चाकू तथा एक मास्टर चाबी बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा ने बताया कि बरला चौकी प्रभारी तूफान सिंह अपनी टीम के साथ बरला-देवबंद मार्ग पर रेत्तानगला-कुतुबपुर राजवाहे के कट के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रोबिन शर्मा पुत्र स्वर्गीय सतीश शर्मा, मनीष पुत्र अजय निवासी ग्राम बिरालसी थाना चरथावल तथा मिन्टू पुत्र अन्तर निवासी ग्राम कान्हाहेड़ी थाना चरथावल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से दो चाकू, तीन चोरी की बाइकें और बाइक चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार, देवबंद और अन्य क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। इसके बाद चोरी की गई बाइकों के पार्ट्स अलग-अलग कर बेच देते थे, जिससे पहचान छिपी रहे और अधिक मुनाफा मिल सके। बरामद मोटरसाइकिलों में से एक बाइक दो दिन पहले ही चोरी की गई थी।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

