तपती गर्मी में राहत का संदेश: पैग़ाम-ए-इंसानियत ने शुरू की ठंडे पानी की सबील, हाजी आसिफ़ राही की पहल बनी मिसाल

अनुज त्यागी

मुज़फ्फरनगर। भीषण गर्मी और तेज़ धूप के बीच लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था पैग़ाम-ए-इंसानियत द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी ठंडे पेयजल सेवा अभियान की शुरुआत की गई। संस्था की ओर से मंसूरपुर टैक्सी-टैम्पो स्टैंड, मेरठ रोड पर राहगीरों, वाहन चालकों और आम लोगों के लिए ठंडे पानी की सबील का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष हाजी आसिफ़ राही ने कहा कि इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भीषण गर्मी में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना एक छोटी लेकिन बेहद महत्वपूर्ण सेवा है। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से लगातार गर्मी के मौसम में इस प्रकार की जनसेवा करती आ रही है और यह सेवा बरसात शुरू होने तक लगातार जारी रहेगी।
हाजी आसिफ़ राही ने विशेष रूप से बताया कि इस बार लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बर्फ से तैयार पानी की व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कई बार बर्फ से तैयार पानी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बीमारियों का कारण बन सकता है, इसलिए संस्था ने शुद्धता और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आरओ प्यूरीफायर से तैयार स्वच्छ पानी के कैम्पर की व्यवस्था की है, जो पूरे समय लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पैग़ाम-ए-इंसानियत का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं बल्कि समाज में भाईचारा, इंसानियत और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना भी है। संस्था लगातार जरूरतमंदों की सहायता और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है।
इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी सराहना की और संस्था के प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम में सैक्यूलर फ्रंट के संयोजक गौहर सिद्दीकी, जमीयत से इकराम कस्सार, समाजसेवी दिलशाद पहलवान, दिलशाद अंसारी, इशरत त्यागी, अमीर आज़म (कल्लू), आज़म खान, अज़ीम खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तपती गर्मी में ठंडे पानी की यह सेवा न सिर्फ लोगों को राहत दे रही है, बल्कि हाजी आसिफ़ राही और उनकी संस्था पैग़ाम-ए-इंसानियत द्वारा समाज सेवा और इंसानियत की मिसाल भी पेश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *