मुजफ्फरनगर: बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचे दामाद ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सास समेत तीन महिलाएं गोली लगने से गंभीर
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचे एक दामाद ने मामूली विवाद के बाद लाइसेंसी पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में आरोपी की सास समेत परिवार की तीन महिलाएं गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी का है। बताया गया कि अनंत मित्तल नामक व्यक्ति सोमवार शाम अपने 13 वर्षीय बेटे यशराज मित्तल को लेकर देहरादून से कार द्वारा ससुराल पहुंचा था। बेटे का जन्मदिन होने के चलते वह परिवार से मिलने आया था, लेकिन ससुराल पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अनंत मित्तल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई, जबकि प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार करीब 5 से 6 गोलियां चलाई गईं।
फायरिंग में आरोपी की सास समा मित्तल, साले की पत्नी अपूर्वा और चाची सास सविता गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में दो महिलाओं को पेट में गोली लगी जबकि एक महिला के कंधे में गोली लगी। सास समा मित्तल की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा खुद पुलिस फोर्स, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अनंत मित्तल को हिरासत में ले लिया और वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर/पिस्टल को कब्जे में ले लिया।
घायल महिलाओं को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को मेरठ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार अनंत मित्तल और राधिका मित्तल का वर्ष 2012 में प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। राधिका पिछले काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। वहीं उनका बेटा यशराज पिता अनंत मित्तल के साथ देहरादून में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला हाईकोर्ट में भी चल रहा था। आरोपी बेटे के जन्मदिन के मौके पर ससुराल आया था और प्रारंभिक जांच में किसी कहासुनी के बाद उसने परिवार के लोगों पर गोली चला दी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

