किशोरी से बदतमीजी करने वाला गिरफ्तार, मारपीट का वीडियो वायरल,मारपीट करने वालों की तलाश में जुटी पुलिस 
राजसत्ता पोस्ट | असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे के हलवाईयान मोहल्ले में एक किशोरी के साथ बदतमीजी करने और उसका मोबाइल नंबर मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, आरोपी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मारपीट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 22 मई 2026 को थाना चरथावल क्षेत्र के हलवायान मोहल्ले में एक किशोरी अपनी दुकान पर बैठी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान वसीम पुत्र भूरा उर्फ खालिद निवासी नगला राई, थाना चरथावल वहां पहुंचा और किशोरी के साथ बदतमीजी करते हुए उसका मोबाइल नंबर मांगने लगा। घटना के बाद पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना चरथावल पुलिस ने आरोपी वसीम के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 80/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस एवं 7/8 पोक्सो एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग आरोपी युवक के साथ मारपीट और थप्पड़बाजी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल स्थानीय थाना, चौकी, डायल-112 अथवा संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है और किसी भी स्थिति में स्वयं कार्रवाई करने के बजाय कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए।

