भीषण गर्मी में सन साइन एकेडमी चरथावल का समर कैंप बना बच्चों के लिए राहत और मनोरंजन का केंद्र

असलम त्यागी |चरथावल

मुज़फ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल स्थित सन साइन एकेडमी में भीषण गर्मी को देखते हुए दो दिवसीय समर कैंप का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। समर कैंप में बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर जमकर आनंद उठाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

समर कैंप में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों ने पूल गतिविधियों में भाग लेते हुए पानी में खूब मस्ती की और फ्रूटी पीकर भीषण गर्मी से राहत महसूस की। बच्चों ने संगीत की धुनों पर डांस करते हुए भेल एवं रसना पार्टी का भी आनंद लिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए फिटनेस एवं विभिन्न एक्सरसाइज गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने कैरम, लूडो, डिबेट प्रतियोगिता, आउटडोर गेम्स एवं वॉलीबॉल जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

एकेडमी प्रबंधन ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं टीम भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। समर कैंप के आयोजन की क्षेत्रवासियों एवं बच्चों के अभिभावकों ने सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच बच्चों के लिए इस प्रकार की गतिविधियां काफी लाभदायक और मनोरंजक साबित हो रही हैं। विद्यालय का समस्त स्टाफ कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *