मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई

देहरादून।उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। समाज के हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूड़ी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि खंडूड़ी जी का निधन उत्तराखंड और देश दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता, अनुशासन और सुशासन के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी जी सदैव प्रेरणा स्रोत रहेंगे और उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस होगी।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि खंडूड़ी जी का जीवन सादगी, ईमानदारी और अनुशासन का प्रतीक था। उन्होंने सेना अधिकारी, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विचारों को आगे बढ़ाने में उनका योगदान देश हमेशा याद रखेगा।

इस अवसर पर भगत सिंह कोश्यारी, अजय टम्टा, सुबोध उनियाल, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, अनिल बलूनी, अजय भट्ट, विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत समेत अनेक जनप्रतिनिधि, संत समाज और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की अंतिम विदाई के दौरान पूरा वातावरण भावुक हो गया और हजारों लोगों ने उन्हें अंतिम प्रणाम कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed