जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच खुले द्वितीय केदार श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट
श्री ओंकारेश्वर मंदिर से गोण्डार होते हुए दिव्य धाम पहुंची बाबा मद्महेश्वर की उत्सव डोली, श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुले कपाट
अनुज त्यागी
रुद्रप्रयाग।पंच केदारों में द्वितीय केदार के रूप में विख्यात श्री मद्महेश्वर धाम के कपाट आज श्रद्धा, आस्था और सनातन परंपराओं के बीच विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर पूरा धाम “हर-हर महादेव” और भगवान मद्महेश्वर के जयकारों से गूंज उठा।
भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली कल रात्रि विश्राम गोण्डार में करने के बाद आज प्रातः गोण्डार गांव से पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों और भक्तिमय वातावरण के बीच धाम के लिए रवाना हुई। यह उत्सव डोली श्री ओंकारेश्वर मंदिर से प्रस्थान कर गोण्डार होते हुए मद्महेश्वर धाम पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति देखने को मिली।

प्रातः लगभग 10:45 बजे उत्सव डोली मद्महेश्वर धाम पहुंची, जहां मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण, विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कपाट खोलने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग सहित वेदपाठियों ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
लगभग 11 बजे जैसे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए, पूरा धाम शिवमय वातावरण में डूब गया। इस अवसर पर उपस्थित करीब 1135 श्रद्धालुओं ने भगवान मद्महेश्वर के प्रथम दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
कपाटोद्घाटन अवसर पर मंदिर समिति एवं प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखा गया। यात्रा मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिमालय की गोद में स्थित श्री मद्महेश्वर धाम अपनी दिव्यता, आध्यात्मिक आभा और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विशेष पहचान रखता है। कपाट खुलने के साथ ही अब यहां देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।
कपाटोद्घाटन समारोह के दौरान मंदिर समिति सदस्य प्रहलाद पुष्पवान, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, प्रधान गोण्डार अनूप पंवार, पूर्व प्रधान भगत सिंह पंवार, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानंद पंवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
#Madhyamaheshwar #PanchKedar #Uttarakhand #HarHarMahadev #AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand

