मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकास योजनाओं के लिए दी करोड़ों की वित्तीय स्वीकृति, पेयजल से लेकर पार्किंग और पार्क निर्माण को मिली मंजूरी
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में अवस्थापना विकास, पेयजल व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और जनसुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। योजनाओं के समय पर क्रियान्वयन से जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
आवास विभाग के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के नीलकंठ क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए ₹48.82 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में ₹19.53 करोड़ जारी किए गए हैं।
जनपद अल्मोड़ा की सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 38 इंडिया मार्क-II हैंडपंप स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए ₹1.36 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जबकि प्रथम किस्त के रूप में ₹50 लाख मंजूर किए गए हैं।
इसी क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल की हिण्डोलाखाल पम्पिंग पेयजल योजना के अंतर्गत ऊर्जा दक्ष पंपों की खरीद के लिए ₹9.73 करोड़ की स्वीकृति दी गई है तथा प्रथम किस्त के रूप में ₹3.89 करोड़ जारी किए गए हैं।
वहीं नगर निगम पिथौरागढ़ के वार्ड नेडा बस्ते में देवभूमि रजत जयंती पार्क निर्माण कार्य के लिए ₹9.81 करोड़ की स्वीकृति दी गई है और प्रथम किस्त के रूप में ₹1.97 करोड़ जारी किए गए हैं।
इसके अलावा कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा प्रस्तावित अस्थायी प्रकृति के 10 मरम्मत कार्यों के लिए ₹3.21 करोड़ की योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Development #PauriGarhwal #Almora #TehriGarhwal #Pithoragarh #AnujTyagiPost #RajsattaPost #Uttarakhand

