निजामुद्दीन–त्रिवेंद्रम राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में लगी आग, यात्रियों में मचा हड़कंप; सभी सुरक्षित
निजामुद्दीन–त्रिवेंद्रम राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 (B1) एसी कोच में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक आग लग गई। घटना मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशनों के बीच हुई, जिसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि ट्रेन जब लूणीरिच्छा–विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी, तभी गार्ड की नजर कोच की ओर से उठ रहे धुएं पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल इंजन चालक को दी गई। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया और आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
ट्रेन में मौजूद आरपीएफ जवानों और रेलवे स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। जानकारी के अनुसार आग प्रभावित बी-1 कोच में कुल 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई, ताकि आग आगे अन्य कोचों तक न फैल सके।
हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल से राहत, बचाव और तकनीकी टीमों को मौके पर रवाना किया गया। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
इस घटना के चलते दिल्ली–मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए संचालन रोकना पड़ा। फिलहाल रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost #MadhyaPradesh #Ratlam #RajdhaniExpress #Railway

