धर्मेंद्र मलिक ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से की अहम वार्ता, गन्ना किसानों के हित में दिए कई बड़े सुझाव

भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक एवं युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने प्रस्तावित ‘गन्ना (नियंत्रण) आदेश, 2026’ को लेकर राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी से महत्वपूर्ण मुलाकात कर किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

करीब एक घंटे चली इस विस्तृत बैठक में गन्ना किसानों की समस्याओं, गन्ना मूल्य निर्धारण और चीनी उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ओर से मंत्री जी को कई सुझाव और संशोधन प्रस्ताव सौंपे गए, जिन पर सकारात्मक सहमति बनी।

बैठक में कोल्हू और क्रेशर की स्पष्ट परिभाषा तय करने, गन्ना मूल्य निर्धारित करते समय चीनी के साथ-साथ अन्य सह-उत्पादों को भी आधार बनाने, दो चीनी मिलों के बीच दूरी बढ़ाने की बाध्यता समाप्त करने, कोल्हू-क्रेशर पर इंस्पेक्टर राज कम करते हुए अधिकार राज्य सरकार को सौंपने तथा गन्ना भुगतान और बकाया राशि का रियल टाइम डेटा तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि माननीय मंत्री जी के साथ वार्ता बेहद सकारात्मक रही और उन्होंने सभी बिंदुओं को भारत सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि यह बैठक भविष्य में गन्ना किसानों के हित में एक बड़ा कदम साबित होगी।

#AnujTyagiPost #RajsattaPost #Muzaffarnagar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *