ऑनलाइन बाइक डील के बहाने लूट करने वाले 3 बदमाश चढ़े छपार पुलिस के हत्थे, मुठभेड़ में एक घायल
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना छपार क्षेत्र में ऑनलाइन बाइक खरीद-बिक्री के नाम पर लूट करने वाले गिरोह का 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 मई को गाजियाबाद निवासी विकास कुमार ने थाना छपार में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने ए-चेट ऐप पर अपनी मोटरसाइकिल बेचने का विज्ञापन डाला था। बाइक खरीदने के बहाने आरोपियों ने उसे अर्बन होटल हाईवे के पास बुलाया और फिर सुनसान रास्ते पर ले जाकर तमंचे के बल पर मारपीट करते हुए उसकी स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया। मंगलवार देर रात थाना छपार पुलिस बढेडी रजवाहा मार्ग पर चेकिंग कर रही थी, तभी संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में जुहैब पुत्र जुबेर निवासी रुड़की के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी साईम निवासी बागोवाली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक, ओप्पो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक आईफोन और दो अवैध तमंचे मय कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

