चर्चित यूट्यूबर सलीम वास्तिक निकला 25 साल से फरार अपहरण-हत्या का दोषी, गाजियाबाद से पुलिस ने किया गिरफ्तार

असलम त्यागी |राजसत्ता पोस्ट

गाज़ियाबाद से एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने 13 वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के दोषी फरार आरोपी सलीम वास्तिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब 25 वर्षों से फरार चल रहा था और अलग-अलग स्थानों पर अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सलीम वास्तिक मूल रूप से शामली जनपद का निवासी है। वर्ष 1995 में उसने एक कारोबारी के 13 वर्षीय बेटे का अपहरण किया था। अपहरण के बाद उसने फिरौती की मांग की, लेकिन रकम न मिलने पर बच्चे की हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध के चलते वर्ष 1997 में अदालत ने उसे दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

हालांकि, वर्ष 2000 में जमानत मिलने के बाद सलीम फरार हो गया और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। फरारी के दौरान उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए कई तरीके अपनाए और लंबे समय तक कानून से बचता रहा।

बताया जा रहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था और अलग पहचान के साथ अपनी मौजूदगी बनाए हुए था। हाल ही में उस पर हुए हमले के बाद वह चर्चा में आया, जिससे उसकी असल पहचान सामने आई। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस को उसके बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गाजियाबाद में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा और क्या उसे किसी तरह की मदद मिल रही थी।

इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से कानून से बचता आ रहा था। अब उसे अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *