मुजफ्फरनगर: बीजेपी के नामित सभासद गिरफ्तार, नकली पनीर फैक्ट्री का खुलासा

खतौली (मुजफ्फरनगर)। जनता की सेहत से खिलवाड़ करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीजेपी के नामित सभासद रजत जैन को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार सुबह कोतवाली पुलिस ने उनके मोहल्ला बालकराम घंटाघर स्थित आवास पर दबिश देकर हिरासत में लिया और बाद में अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

👉 पुराना मामला, अब हुई गिरफ्तारी
यह मामला 11 नवंबर 2025 की छापेमारी से जुड़ा है, जब खाद्य सुरक्षा विभाग ने रजत जैन की “रजत एजेंसी” पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मिलावटी सामग्री बरामद की थी। छापे के दौरान करीब 300 किलो नकली पनीर, 300 लीटर मिश्रित दूध, 60 किलो सोयाबीन, 135 किलो पामोलिन तेल और ‘रानीपाल’ नामक हानिकारक केमिकल व फ्लेवरिंग एजेंट मिले थे। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।

👉 कई महीने तक कार्रवाई पर उठे सवाल
गंभीर आरोपों के बावजूद लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते रहे। इसी बीच, रजत जैन को भाजपा से नामित सभासद बनाए जाने पर भी स्थानीय स्तर पर विरोध और नाराजगी देखने को मिली थी।

👉 सुबह-सुबह पुलिस की दबिश
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में उपनिरीक्षक मनोज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

👉 राजनीतिक हलचल तेज
गिरफ्तारी के बाद अब स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्टी के अंदर भी इस मामले को लेकर असंतोष और गुटबाजी खुलकर सामने आने लगी है।

👉 पुलिस का पक्ष
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

#Muzaffarnagar #Khatauli #FakePaneer #PoliceAction #BJP #BreakingNews #AnujTyagiPost #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *