पिकअप लूटने के लिए पिता-पुत्र की हत्या, मुख्य आरोपी मनोज पुलिस मुठभेड़ मे गिरफ्तार

संवाददाता | राजसत्ता पोस्ट 

उत्तर प्रदेश | संभल जनपद में पिता-पुत्र की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नई महिंद्रा पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले नरेश कुमार और उनके बेटे भीमसेन की हत्या लूट के इरादे से की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी मनोज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दो साथी अरविंद और संतोष की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज ने साजिश के तहत पिकअप वाहन बुक किया था। उसने मजदूर लाने के बहाने नरेश को फोन कर बुलाया और अपने साथियों अरविंद व संतोष के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी और पिकअप वाहन लूट लिया।

गौरतलब है कि संभल निवासी नरेश कुमार अपने बेटे भीमसेन के साथ 02 अप्रैल की शाम पिकअप लेकर घर से निकले थे। रात करीब 10 बजे उन्होंने परिजनों से आखिरी बार बात की थी और खुद को मेरठ के गढ़ टोल प्लाजा के पास बताया था। इसके बाद दोनों के मोबाइल बंद हो गए और उनका कोई सुराग नहीं मिला।

कई दिनों तक लापता रहने के बाद पुलिस ने हाईवे पर सर्च अभियान चलाया, जिसके दौरान शामली में मेरठ-करनाल हाईवे किनारे दोनों के शव बरामद हुए। शव कई दिन पुराने बताए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि हत्या उसी रात कर दी गई थी।

घटना के बाद जैसे ही दोनों शव गांव पहुंचे, पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

दोहरे हत्याकांड पर सपा विधायक राम खिलाड़ी यादव ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मृतक परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है और अपनी ओर से एक लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *