ड्राइवर की दिनदहाड़े हत्या : सड़क पर सिर काट कर धड़ से अलग किया, गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला

संवाददाता |राजसत्ता पोस्ट

अररिया (बिहार), 09 अप्रैल: बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। घटना में एक सत्तू बेचने वाले व्यक्ति ने पिकअप ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी, जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना फारबिसगंज के मार्केटिंग यार्ड गेट नंबर-2 के पास हुई। बताया जा रहा है कि पिकअप ड्राइवर मोहम्मद नबी ने सत्तू बेचने वाले रवि कुमार से केवल इतना पूछा था कि “सत्तू वाली कैसी है?” इसी मामूली बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में उग्र झगड़े में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान रवि कुमार ने अचानक चाकू निकाल लिया और बीच सड़क पर ही मोहम्मद नबी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने इतनी बेरहमी से वार किए कि ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। इतना ही नहीं, आरोपी ने मृतक का सिर धड़ से अलग कर सड़क के बीचों-बीच रख दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के बाद आरोपी काफी देर तक हाथ में चाकू लिए शव के पास खड़ा रहा। इस भयावह दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी को घेर लिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
इस दोहरी हत्या की वारदात से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *