शादी में हुआ विवाद बना हिंसक,चरथावल पुलिस की कार्रवाई, जानलेवा हमले का वांछित आरोपी गिरफ्तार
असलम त्यागी |चरथावल | 09 अप्रैल 2026
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने अगले दिन हिंसक रूप ले लिया। मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 02 अप्रैल 2026 को ग्राम सैदपुर कलां में सहबाब पुत्र मोहसिन की बहन की शादी थी। इसी दौरान सालिम पुत्र राशिद और सहबाब के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। मौके पर मौजूद गांव के संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था, लेकिन विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ।
अगले दिन 03 अप्रैल को फिर से दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव में दोबारा झगड़ा शुरू हो गया। सूचना मिलने पर थाना चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बड़ी मस्जिद के पास दोनों पक्षों के लोग गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर रहे थे। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
इस मामले में उपनिरीक्षक परविंद्र की तहरीर के आधार पर थाना चरथावल में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 धारा 190, 191(1), 109(1), 118(2), 351(3) व 352 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
मामले में नामजद व वांछित अभियुक्त साकिव पुत्र जाकिर निवासी मोहल्ला खाली कूकड़ा थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर को पुलिस ने 09 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उसे उसकी बुआ के घर ग्राम सैदपुर कलां से दबोचा। आरोपी की उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह व कांस्टेबल राहुल शामिल रहे

