मुज़फ्फरनगर मे पशु क्रूरता: बाइक सवार ने स्ट्रीट डॉग व पिल्ले को रौंदा, CCTV में कैद घटना

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। एक बाइक सवार युवक द्वारा कथित रूप से स्ट्रीट डॉग और उसके पिल्ले को जानबूझकर रौंदने की घटना सामने आई है, जो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना नई मंडी क्षेत्र की है, जहां सड़क पर बैठे एक कुत्ते और उसके बच्चे को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पिल्ला बाइक की चपेट में आने के बाद तड़पता नजर आ रहा है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि युवक ने यह हरकत जानबूझकर की। घटना के बाद क्षेत्र में रोष का माहौल है और पशु प्रेमियों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पशु प्रेमी सन्नी पंजाबी समेत अन्य लोगों ने इस संबंध में मुजफ्फरनगर पुलिस को लिखित शिकायत (तहरीर) सौंप दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी बाइक सवार की पहचान शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व चरथावल क्षेत्र में भी पशु क्रूरता के मामलों में पुलिस कार्रवाई कर चुकी है, इसके बावजूद ऐसी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *