महावीर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, मंत्री कपिल देव अग्रवाल बने सारथी

मुजफ्फरनगर। महावीर जयंती के पावन अवसर पर नई मंडी स्थित गौशाला रोड पर भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विधिवत शुभारंभ किया और स्वयं सारथी बनकर रथ की कमान संभाली, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

 

शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। यात्रा के दौरान आकर्षक झांकियां, भक्ति संगीत और “जय महावीर” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और मानवता की सेवा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “अहिंसा परमो धर्मः” का संदेश आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है। हमें उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह जैसे सिद्धांत व्यक्ति को उच्च आदर्शों की ओर ले जाते हैं और समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भगवान महावीर के विचारों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी क्षेत्रवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *