चरथावल मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण का बढ़ता जाल, यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित
असलम त्यागी | चरथावल
मुज़फ्फरनगर। जनपद के कस्बा चरथावल का मुख्य मार्ग इन दिनों अतिक्रमण की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। खासतौर पर जय हिंद इंटर कॉलेज के सामने और आसपास के क्षेत्र में बड़े स्तर पर अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं।
सड़क किनारे दुकानदारों, ठेले-रेहड़ी संचालकों और अस्थायी व्यापारियों द्वारा लगातार किए जा रहे कब्जों के चलते मार्ग बेहद संकरा हो गया है। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा है, जहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
सुबह और शाम के समय हालात और भी बदतर हो जाते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे स्थिति चिंताजनक हो जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकानों के बाहर सामान सड़क तक फैला दिया जाता है और कई स्थानों पर स्थायी अतिक्रमण कर लिया गया है। इसके अलावा अवैध पार्किंग भी समस्या को और बढ़ा रही है। सड़क पर खड़े वाहन और ठेले यातायात को पूरी तरह बाधित कर देते हैं।
राहगीरों का कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। समय-समय पर हल्की कार्रवाई जरूर होती है, लेकिन कुछ ही दिनों में स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए और मुख्य मार्ग को पूरी तरह खाली कराया जाए। साथ ही अवैध पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।

