दिव्यांशु जटराणा हत्याकांड: सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने डीजीपी को लिखा पत्र, सख्त कार्रवाई की मांग

मुजफ्फरनगर/देहरादून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में हुए छात्र दिव्यांशु जटराणा हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में सांसद ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी दिव्यांशु जटराणा की हत्या सुनियोजित तरीके से की गई प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि यह घटना सामान्य नहीं है, बल्कि गंभीर आपराधिक साजिश का परिणाम लगती है। मामले से जुड़े कुछ वीडियो और ऑडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए हैं, जिनकी जांच जरूरी है।

सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि मुख्य आरोपी विश्वविद्यालय, कॉलेज और हॉस्टल में नशे की सप्लाई से जुड़ा बताया जा रहा है तथा उसे राजनीतिक संरक्षण मिलने की भी आशंका है। ऐसे में पूरे नेटवर्क की गहन जांच की आवश्यकता जताई गई है।

उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर मुजफ्फरनगर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी रोष है और यह मामला जनआंदोलन का रूप ले सकता है। परिजनों की पुलिस कार्रवाई से असंतुष्टि को देखते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

सांसद ने तत्काल सख्त कदम उठाने को कहा”

सांसद हरेंद्र सिंह मलिक ने उत्तराखंड पुलिस से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *