भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर से टकराई श्रद्धालुओं से भरी पिकअप, 6 की मौत, कई घायल
कौशांबी। कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर डोरमा गांव के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप खड़े ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें लगभग 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार लोग फतेहपुर जनपद के जहानाबाद-बिंदकी क्षेत्र के निवासी थे, जो प्रयागराज में मुंडन संस्कार कराकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डोरमा के पास खड़े ट्रेलर से उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुटे रहे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुचारू कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
#Kaushambi #RoadAccident #UPNews #BreakingNews #AccidentNews #Prayagraj #Fatehpur #PoliceAction #IndiaNews #AnujTyagiPost

