मुजफ्फरनगर पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई: 80 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी और ऐतिहासिक कार्रवाई करते हुए 80 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति जब्त की है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अब तक की सबसे बड़ी संपत्ति जब्ती कार्रवाइयों में गिनी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना बुढ़ाना पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के कुख्यात तस्कर बाबू उर्फ रियाज उर्फ असफाक के विरुद्ध जांच करते हुए उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने स्मैक सहित अन्य मादक पदार्थों की तस्करी कर बरेली और शाहजहांपुर जनपदों में अपने तथा परिजनों के नाम पर कुल 34 संपत्तियां अर्जित की थीं। इन संपत्तियों में कृषि भूमि, प्लॉट, आलीशान मकान, बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स, ईंट भट्टे तथा वाहन शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 80 करोड़ रुपये से अधिक है।
पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत सक्षम प्राधिकारी (नई दिल्ली) को रिपोर्ट भेजी गई थी। साक्ष्यों के आधार पर प्राधिकारी ने 24 मार्च 2026 को इन संपत्तियों के जब्तीकरण के आदेश पारित किए। इसके बाद 26-27 मार्च को थाना बुढ़ाना पुलिस टीम ने बरेली और शाहजहांपुर में पहुंचकर उक्त संपत्तियों को विधिवत जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ दिल्ली, बरेली, शाहजहांपुर व अन्य स्थानों पर एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित कोई भी संपत्ति अब सुरक्षित नहीं है। पुलिस प्रशासन ऐसे अपराधियों की आर्थिक रीढ़ तोड़ने के लिए दृढ़ संकल्पित है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस सख्त कार्रवाई के बाद आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है तथा पुलिस की इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है।
#AnujTyagiPost

