Oplus_16908288

स्मार्ट मीटर का विरोध : किसान नेता चौधरी शाह आलम की विद्युत विभाग को खुली चुनौती

असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर |26 मार्च 2026 भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने विद्युत स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर बिजली विभाग और निजी कंपनियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सार्वजनिक मंच से खुली चुनौती देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के फायदे और नुकसान पर खुली बहस कराई जाए।

चौधरी शाह आलम ने खुली चुनौती देते हुए कहा, “सार्वजनिक डिबेट कराओ। तुम विद्युत स्मार्ट मीटर के फायदे गिनाओ, हम उसके नुकसान गिनाएंगे। जो पक्ष जीतेगा, वही असली सिकंदर कहलाएगा।” उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में स्मार्ट मीटर को लेकर बहस तेज हो गई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद किसान और मजदूर वर्ग को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बिलों में बढ़ोतरी और अनियमितताओं को लेकर उन्होंने विद्युत विभाग पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि विद्युत विभाग आम लोगों की शिकायतों को सुनने के बजाय नजरअंदाज कर रहा है।

किसान नेता ने चेतावनी दी कि यदि विद्युत स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में इसके खिलाफ बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि मजदूर वर्ग भी इससे प्रभावित हो रहा है।

मुजफ्फरनगर में बढ़ते किसान आंदोलन के बीच चौधरी शाह आलम का यह बयान विद्युत विभाग और संबंधित निजी कंपनियों के लिए सीधी चुनौती माना जा रहा है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विभाग इस खुली चुनौती को स्वीकार करता है या नहीं।

अंत में उन्होंने नारा दिया— “जय जवान, जय किसान, जय मजदूर।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *