सऊदी अरब से लौटते ही 25 हजार का इनामी ठग हाजी इकराम को पुलिस ने दबोचा 
असलम त्यागी | राजसत्ता पोस्ट
मुजफ्फरनगर: थाना सिविल लाइन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 25 हजार रुपये का इनामी और करोड़ों की ठगी के आरोपी हाजी इकराम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए सऊदी अरब भाग गया था। ईद के मौके पर भारत लौटते ही मॉल रोड पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से 1 लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड और पासपोर्ट बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि हाजी इकराम ने “स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड” नाम की फर्जी कंपनी बनाकर लोगों को जैविक वर्मी कम्पोस्ट खाद में निवेश का झांसा दिया और लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी की।
इस मामले में उसके दो साथी—जुनैद अंसारी (रुडकी, हरिद्वार) और खालिद अंसारी (गंगोह, सहारनपुर)—पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है।
घटना का संक्षिप्त विवरण:
25 फरवरी 2025 को वादी राजकुमार ने थाना सिविल लाइन को लिखित तहरीर देकर बताया कि हाजी इकराम और उसके अन्य साथियों ने कंपनी बनाकर लोगों से ठगी की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा 406, 420, 467, 468, 471, 506, 120बी के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस का कहना है कि हाजी इकराम शातिर किस्म का अपराधी है और मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, रूडकी और हरिद्वार में कुल 6 मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच जारी है।
थाना सिविल लाइन पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में यह कार्रवाई सफलतापूर्वक अंजाम दी।

