केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को फोन पर धमकी देने वाला आरोपी इस्माइल बंगाल से गिरफ्तार
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को कॉल पर और व्हाट्सऐप मैसेज भेजकर जान से मार डालने की धमकी देने के मामले में नई दिल्ली जिला पुलिस ने पश्चिम बंगाल से आरोपी इस्माइल को गिरफ्तार किया है। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। इसलिए कहीं से नंबर मिल जाने पर उसने केंद्रीय मंत्री को धमकी दे दी थी।
मंत्री के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह ने इस मामले की शिकायत तुगलक रोड थाना में दर्ज कराई थी।
पुलिस को मिली शिकायत में विश्वेंद्र शाह ने बताया कि बीती 18 मार्च की सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने मंत्री को जान से मारने की धमकी दी और इसके बाद कॉल काट दी। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर कई मैसेज भेजे गए, जिनमें मंत्री का ‘दौरा कार्यक्रम’ साझा किया गया था और उसमें साफ तौर पर लिखा था— “इनको गोली मार दो।”
घटना की सूचना तुरंत तुगलक रोड थाना पुलिस को दी गई थी। शिकायत में यह भी बताया गया था कि बीते कुछ दिनों से मंत्री के आवास के आसपास संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही थीं। एक अज्ञात व्यक्ति पीछे गेट की निगरानी करते हुए देखा गया था, जो आवास में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहा था।
वहीं कुछ दिन पहले रात 9 से 10 बजे के बीच एक संदिग्ध रंग की स्कॉर्पियो कार, जिसके शीशे काले थे, मंत्री की कोठी के पास काफी देर तक खड़ी रही थी। कार में बैठे लोग भी आवास पर नजर रखे हुए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी इस्माइल से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
#DelhiNews #JayantChaudhary #CrimeNews #AnujTyagiPost

