Muzaffarnagar | जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर सड़क हादसे में घायल श्रमिकों का लिया हाल-चाल
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर, 24 फरवरी 2026। जिलाधिकारी Umesh Mishra आज जिला अस्पताल पहुंचे और सड़क दुर्घटना में घायल हुए श्रमिकों का हाल-चाल जाना। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं संबंधित चिकित्सकों को निर्देशित किया कि सभी घायलों का उपचार सर्वोत्तम स्तर पर किया जाए तथा इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
घायलों के परिजनों से बातचीत के दौरान जानकारी मिली कि सभी श्रमिक मजदूरी के लिए जा रहे थे। तहसील जानसठ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुर्जरहेड़ी के निकट सठेड़ी चौराहे से नहर पटरी मार्ग पर मेरठ की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे डंपर से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में कई महिला एवं पुरुष श्रमिक घायल हो गए।
जिलाधिकारी ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों की समुचित देखभाल की जाए और आवश्यकता पड़ने पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की निगरानी की जा रही है।


