उमेश पाल हत्याकांड के तीन साल: अतीक अहमद पर साजिश का आरोप, पत्नी जया पाल बोलीं—डरेंगे तो गीदड़ कहलाएंगे

Prayagraj में 24 फरवरी 2023 को हुए बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड को आज तीन साल पूरे हो गए। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। मामले में माफिया Atiq Ahmed पर साजिश रचने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली।

घटना के बाद पुलिस और एसटीएफ ने कई आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया। हालांकि मुख्य शूटर गुड्डू मुस्लिम उर्फ गुड्डू बमबाज, अरमान और साबिर अब भी फरार बताए जा रहे हैं। वहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन, अशरफ की पत्नी जैनब फात्मा और अतीक की बहन आयशा नूरी का नाम भी मोस्ट वांटेड सूची में शामिल बताया जाता है।

तीन साल पूरे होने पर उमेश पाल की स्मृति में उनकी पत्नी और भाजपा नेता जया पाल ने कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “डर के रहेंगे तो गीदड़ कहलाएंगे। मैं न्यायालय में मजबूती से लड़ाई लड़ रही हूं। मुख्यमंत्री ने मुझे न्याय दिलाया है और आगे भी दोषियों को सजा मिलेगी।”

जया पाल ने कहा कि वह लगातार पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के संपर्क में हैं और मुकदमे की पैरवी कर रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि जो आरोपी अब भी फरार हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि न्यायपालिका से उन्हें पूरा न्याय मिलेगा और उनका परिवार न्याय की लड़ाई जारी रखेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *