मेरठ में दर्दनाक हादसा: मकान में भीषण आग, 5 मासूम समेत 6 की मौत

Meerut के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित किदवई नगर इलाके में सोमवार देर शाम एक भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। रिहायशी मकान में अचानक लगी आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 बच्चे और एक महिला शामिल हैं। वहीं एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मकान के भूतल पर कपड़ों का गोदाम था, जबकि ऊपर की मंजिल पर परिवार निवास करता था। घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य नमाज के लिए बाहर गए हुए थे। घर में दो महिलाएं और पांच बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को घेर लिया।

स्थानीय लोगों ने धुआं और आग की लपटें उठती देख शोर मचाया और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। क्षेत्र की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया और सभी झुलसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान पांच बच्चों और एक महिला ने दम तोड़ दिया। एक अन्य महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। शॉर्ट सर्किट या गोदाम में रखे सामान से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

#Meerut #FireIncident #UttarPradesh #BreakingNews #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *