लोनी में दशकों बाद खुलेगा बेहटा बंद फाटक, विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अंडरपास निर्माण का किया शुभारंभ
गाजियाबाद।लोनी क्षेत्र के लिए 23 फरवरी 2026 का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब 40–50 वर्षों से बंद पड़े बेहटा फाटक पर अंडरपास निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस परियोजना का उद्घाटन लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, बागपत विधायक योगेश धामा और भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह की उपस्थिति में हजारों लोगों के जनसैलाब के बीच हुआ। कार्यक्रम में रेलवे विभाग के वरिष्ठ सेक्शन इंजीनियर अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस अंडरपास से लोनी दो हिस्सों में बंटने की समस्या समाप्त होगी। स्थानीय लोगों ने जेसीबी से फूल वर्षा कर, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। आरडब्ल्यूए, सभासदों, ग्राम प्रधानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। लंबे समय से फाटक खुलवाने के लिए आंदोलन करने वाले जगदीश गुप्ता और टेकचंद मावी ने कहा कि उनके जन्म से पहले से यह मार्ग बंद था और अब अंडरपास बनने से क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग पूरी हुई है।
दर्जनों कॉलोनियों को होगा सीधा लाभ
अंडरपास बनने से कृष्णा विहार, शिव वाटिका, टीला गांव, अमित विहार, राधापुरी, राम विहार, अनूप विहार, अमर विहार, पंचवटी, उत्तरांचल, हनुमान वाटिका, खुशी वाटिका, तिलकराम कॉलोनी और राहुल गार्डन सहित दर्जनों कॉलोनियों के लाखों लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। यह मार्ग दिल्ली और जनपद गाजियाबाद के लिए बायपास का कार्य करेगा। फाटक बंद होने के कारण पूर्व में कई दुर्घटनाएं भी हुई थीं, जिन पर अब रोक लगेगी।

रेल मंत्रियों के सहयोग का जताया आभार
नंदकिशोर गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि इस परियोजना के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। योजना की शुरुआत तत्कालीन रेल मंत्री पीयूष गोयल के कार्यकाल में हुई थी, जिसे वर्तमान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से अंतिम स्वीकृति मिली। दिल्ली में डीआरएम और संबंधित विभागों के साथ कई दौर की बैठकों, जल बोर्ड पाइपलाइन और विद्युत लाइनों की तकनीकी बाधाओं को दूर करने के बाद परियोजना को अंतिम रूप दिया गया।
विकास को लेकर दोहराई प्रतिबद्धता
कार्यक्रम में योगेश धामा ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि लगातार प्रयासों के बाद यह सपना साकार हुआ है और लोनी अब विकास की नई राह पर अग्रसर है। चैनपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री से मिलकर कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।
नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोनी को आदर्श विधानसभा बनाने का संकल्प लिया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में कन्या डिग्री कॉलेज, मॉडल इंटर कॉलेज और आईटीआई के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों व वेलनेस सेंटरों की स्थापना, सीएचसी के उन्नयन और नाईपुरा अस्पताल में बेड बढ़ाने की योजना पर कार्य चल रहा है। रिवैंप योजना के तहत बिजली व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है और कॉलोनियों को बांस-बल्लियों से मुक्त किया जा रहा है। आधुनिक तहसील भवन, थानों के उन्नयन और मेट्रो विस्तार पर भी कार्य जारी है।

इसके साथ ही अमित विहार के बंद फाटक क्षेत्र में 1 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से अत्याधुनिक श्मशान घाट निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। दशकों से लंबित इस परियोजना के शुरू होने से लोनी क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
#AnujTyagiPost

