चरथावल देहात में हकीमपुरा मार्ग पर बढ़ा खतरा, ग्रामीणों ने की जल्द मरम्मत की मांग
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल देहात क्षेत्र में मुख्य मार्ग से हकीमपुरा जाने वाले रास्ते पर बने नाले का स्लैब क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। टूटा हुआ स्लैब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा साबित हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन किसानों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का आवागमन रहता है। खेतों में जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक और अन्य वाहन इसी रास्ते से गुजरते हैं। स्लैब टूटने के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है, फिर भी कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

