Anuj Tyagi


केंद्रीय बजट 2026–27 देश और उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा देगा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026–27 की सराहना करते हुए इसे देश और राज्यों के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, जन आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ–सबका विकास के संकल्प को मजबूत करने वाला है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी एवं समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि बजट में किसानों, महिलाओं, वंचित वर्गों, युवाओं, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है।

उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान पूरे देश के साथ-साथ उत्तराखण्ड के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना प्रस्तावित की गई है। उत्तराखण्ड के संदर्भ में बजट में पर्यटन और बुनियादी ढांचे पर विशेष फोकस किया गया है, जो राज्य के विकास के लिए आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्र के लिए किए गए बजटीय प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। साथ ही पर्यावरण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखण्ड सरकार बजट में घोषित योजनाओं और प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की आर्थिक शक्ति बढ़ाने के साथ-साथ उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी विकास के समान अवसर प्रदान करेगा।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *