मुजफ्फरनगर में देर रात सख्त चेकिंग अभियान, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने खुद संभाली कमान

मुजफ्फरनगर। आगामी गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने देर रात ईदगाह चौकी पर जबरदस्त चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान एसपी सिटी ने स्वयं टॉर्च लेकर प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 205 वाहनों के चालान काटे, जबकि 9 वाहनों को सीज किया। इसके अलावा फर्जी तरीके से वाहनों पर लगे पुलिस स्टीकर भी हटवाए गए। पुलिस ने वाहनों और उनके दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ चालक व सवार व्यक्तियों की पहचान भी की।

इस अभियान में क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ कुमार मिश्रा, शहर कोतवाल बबलू कुमार और खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने अभियान के दौरान बाहरी जनपदों और प्रदेशों से आने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और असामाजिक तत्वों को चिन्हित किया गया।

एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने कहा कि यह अभियान न केवल नियमों के उल्लंघन को रोकने बल्कि असामाजिक तत्वों और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चलाया गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी और सघन कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतेगी और हर स्तर पर सतर्क रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *