लोकतंत्र और संविधान पर सुनियोजित हमला कर रही है केंद्र सरकार : कमल मित्तल

मुजफ्फरनगर। जिला कांग्रेस कमेटी मुजफ्फरनगर के कैंप कार्यालय पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्मजयंती के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं ने कर्पूरी ठाकुर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार जनहित की अनदेखी कर संविधान की मूल भावना से छेड़छाड़ कर रही है, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करती रहेगी।

राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के प्रदेश महासचिव कमल मित्तल ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान सरकार लोकतंत्र और संविधान पर लगातार प्रहार कर रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा जैसे जनकल्याणकारी कानून को समाप्त करने की कोशिश गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण भारत के अधिकारों पर सीधा हमला है। कांग्रेस पार्टी ने इसके विरोध में देशव्यापी आंदोलन शुरू किया है।

कमल मित्तल ने तीन कृषि कानूनों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह जनविरोध के चलते केंद्र सरकार को वे कानून वापस लेने पड़े थे, उसी तरह मनरेगा के मुद्दे पर भी जनता को एकजुट होकर आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करने की एक सुनियोजित साजिश करार देते हुए कहा कि इससे देश में लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मनरेगा यूपीए सरकार द्वारा लाया गया एक दूरदर्शी और ऐतिहासिक कानून था, जिसकी सराहना पूरी दुनिया में हुई। इस कानून का नाम महात्मा गांधी के नाम पर रखा गया था और इसे खत्म करना महात्मा गांधी के विचारों व काम करने के अधिकार का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बिना किसी अध्ययन, मूल्यांकन और राज्यों व राजनीतिक दलों से सलाह-मशविरा किए इस कानून को कमजोर करने का प्रयास किया है।

गोष्ठी में ज़फ़र महमूद, रिज़वान अहमद, ममनून अंसारी, सद्दाम सिद्दीकी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *