चरथावल पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, एक हिस्ट्रीशीटर घायल सहित दो गिरफ्तार, दो अवैध तमंचे व चोरी की एक भैस बरामद
असलम त्यागी
मुज़फ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल पुलिस ने भैंस चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी इनाम पुत्र शरीफ घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी से चोरी की भैंस, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और अवैध शस्त्र बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर और थाना प्रभारी सत्यनारायण दहीया के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम सैदनगला में 18/19 जनवरी की रात दो पशु एवं 22/23 जनवरी की रात एक भैंस चोरी की गई थी। मामले में थाना चरथावल में अभियोग दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की भैंस जंगल में बांधी गई है और आरोपी उसे बेचने के लिए मोटरसाइकिल से रजवाहे की पुलिया की ओर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने चेकिंग की तो तीन आरोपी पुलिस के इशारा करने पर भागने लगे और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में इनाम घायल हो गया जबकि दो आरोपी भाग निकले। बाद में कॉम्बिंग के दौरान शाहनूर पुत्र रज्जाउल्ला को गिरफ्तार किया गया। तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घायल आरोपी इनाम पुत्र शरीफ निवासी ग्राम संधावली मुजफ्फरनगर और शाहनूर पुत्र रज्जाउल्ला निवासी चूडीयाला थाना मीरापुर मुजफ्फरनगर हाल निवासी कब्रिस्तान रोड न्याजूपुरा थाना कोतवाली नगर जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई
पुलिस ने मौके से चोरी की गई भैंस, UP-12 BH-1380 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी इनाम थाना मंसूरपुर का हिस्ट्रीशीटर तथा गौकशी गैंग “D-85” का सदस्य है, जिस पर विभिन्न अपराधिक धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक मंगत त्यागी, हेड कांस्टेबल अजीत सिंह, सुशील, कांस्टेबल राहुल गिरी, राजेश एवं मनोज शर्मा शामिल रहे। पुलिस गैंग द्वारा चोरी किए गए अन्य पशुओं की बरामदगी के प्रयास कर रही है।


