मुज़फ्फरनगर | गन्ना घटौली पर आश्वासन के बाद भाकियू (अराजनीतिक) का धरना समाप्त, कार्रवाई न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
गन्ने की अवैध घटौली एवं किसानों पर हो रहे अत्याचार के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) द्वारा 22 जनवरी से जानसठ रोड स्थित संधावली रजवाहा मार्ग पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना आज समाप्त हो गया। धरना स्थल पर पहुंचे संबंधित अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और दो दिनों के भीतर जांच टीम गठित कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद यूनियन ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अक्षय त्यागी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि गन्ना घटौली के मामलों में शीघ्र संज्ञान लेकर दोषियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो डीएम कार्यालय पर बड़े आंदोलन की रणनीति अपनाई जाएगी। धरना स्थल पर युवा महानगर अध्यक्ष वसीम खान सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। यूनियन ने दोहराया कि तय समय सीमा में कार्रवाई न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

