Love killed in the name of honour  Double Murder in Etah

एटा में झूठी शान के नाम पर डबल मर्डर, प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में झूठी शान के नाम पर दोहरे हत्याकांड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जैथरा थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया सुहागपुर में प्रेमी-प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, 20 वर्षीय युवती और उसका 25 वर्षीय प्रेमी दीपक काफी समय से प्रेम प्रसंग में थे। रविवार रात युवती ने अपने प्रेमी को घर के पीछे मिलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान परिजनों ने दोनों को घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे नाराज परिजनों ने गुस्से में आकर दोनों पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रेमी दीपक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी परिजन घर छोड़कर फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतका के माता-पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

एसएसपी ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस जघन्य वारदात में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।

घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *