सौरभ दुबे


गैंगरेप का इनामी बदमाश तालिब उर्फ आजम पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर

सुल्तानपुर।
उत्तर प्रदेश में महिला अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार सुबह सुल्तानपुर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। गैंगरेप के मामले में वांटेड और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश तालिब उर्फ आजम खान (26) पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

घटना लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दियारा मोड़ के पास की है, जहां सुल्तानपुर पुलिस और लखीमपुर खीरी पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर घेराबंदी की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को हिरासत में लेने का प्रयास किया गया, लेकिन खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस घायल बदमाश को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तालिब उर्फ आजम लखीमपुर खीरी के बहुचर्चित गैंगरेप कांड का आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

17 मुकदमों में था वांटेड

मारा गया बदमाश तालिब उर्फ आजम पुत्र गफ्फार खान, लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गांव का रहने वाला था। उसके खिलाफ गैंगरेप समेत हत्या, लूट और अन्य गंभीर धाराओं में कुल 17 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

एसपी के नेतृत्व में चला संयुक्त ऑपरेशन

गैंगरेप के आरोपी को पकड़ने के लिए सुल्तानपुर एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बदमाश को घेरा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े जाने के डर से आरोपी ने फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इस मुठभेड़ में गैंगरेप का इनामी बदमाश तालिब उर्फ आजम पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *