जानसठ रोड हादसे पर सपा विधायक पंकज मलिक ने जताया गहरा शोक, अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चे के उपचार का लिया जायजा
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। मंडी थाना क्षेत्र के जानसठ रोड पर रविवार शाम हुए बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार सोनू (38) निवासी गांव जड़ौदा नरा, थाना मंसूरपुर, उसकी पत्नी रिधिमा (27) तथा बेटी रिया (10) की मौत हो गई, जबकि बेटा काला (10) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर चरथावल विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी विधायक पंकज मलिक ने गहरा दुःख व्यक्त किया। जनपद भ्रमण के दौरान वे मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता कर घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल भिजवाने के निर्देश दिए। इसके बाद विधायक स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विधायक पंकज मलिक ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


