सोरम में होने वाली खाप पंचायत अवैधानिक — गठवाला खाप ने किया बहिष्कार
गठवाला खाप बोली—यह सर्वखाप नहीं, निजी आयोजन
मुज़फ्फरनगर
बुढ़ाना। गठवाला खाप ने सोरम में 16 नवंबर को आयोजित की जा रही कथित सर्वखाप पंचायत को अवैधानिक बताते हुए इसके बहिष्कार का ऐलान किया है। शनिवार को निरीक्षण भवन बुढ़ाना में आयोजित प्रेस वार्ता में गठवाला खाप के चौधरी बाबा राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि यह पंचायत सर्वखाप की प्रक्रिया के अनुरूप नहीं बुलाई गई है, इसलिए इसे सर्वखाप पंचायत बताना गलत है।
उन्होंने कहा कि सर्वखाप पंचायत बुलाने की एक तय प्रक्रिया होती है। किसी भी खाप के चौधरी द्वारा विषय प्रस्तावित किए जाते हैं, जिसके बाद सर्वखाप मंत्री इसकी घोषणा करते हैं, लेकिन सोरम की पंचायत में इन नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दो माह पहले प्रकाशित राकेश बालियान के बयान के बाद सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान को पत्र लिखकर विरोध जताया गया था, परंतु कोई जवाब नहीं मिला।
बाबा श्याम सिंह मलिक (थांबा बहावड़ी) ने कहा कि सोरम की पंचायत सर्वखाप नहीं है, इसलिए यह आयोजन अवैधानिक माना जाएगा।
बाबा ईश्वर सिंह (थांबा खरड़) ने कहा कि सर्वखाप मंत्री किसी एक खाप के प्रतिनिधि नहीं होते, लेकिन पत्र का जवाब न देना अनुचित है।
आज़ाद मलिक (थांबा पूरामहादेव) ने कहा कि यह आयोजन समाजहित नहीं बल्कि निजी स्वार्थ के लिए है। उन्होंने कहा कि दहेज में गाड़ी के स्थान पर ट्रैक्टर की मांग करने वाले लोग समाज को दिशा देने की बात कर रहे हैं, जो दोहरा चरित्र है।
चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि सर्वखाप पंचायतों का उद्देश्य सामाजिक एकता मजबूत करना, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना और खापों के मध्य समन्वय बनाए रखना है। यदि इन्हें राजनीतिक स्वार्थों के लिए उपयोग किया जाने लगा तो सर्वखाप का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि गठवाला खाप ने पहले भी सर्वखाप मंत्री को पत्र भेजा था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जबकि उन्हें पूरे समाज के हित में जवाब देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि बिना सहमति और प्रक्रिया के सोरम पंचायत को सर्वखाप के नाम पर प्रचारित करना गलत है।
संवाददाता सम्मेलन में रविंद्र चौधरी (उज्ज्वल खाप), तेजपाल वर्मा (स्वर्णकार जाति), अजय खाप चौधरी (हरिजन जाति), रामकुमार शर्मा (ब्राह्मण जाति), धर्मेंद्र चौधरी (बैरागी जाति) सहित कई चौधरियों ने गठवाला खाप के निर्णय का समर्थन किया।
अंत में गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने सर्वसम्मति से घोषणा की कि गठवाला खाप सोरम में होने वाली पंचायत का पूर्ण बहिष्कार करेगी।।
#GathwalaKhap #SarvKhap #KhapPanchayat #SauramPanchayat #Budhana #Shamli #Muzaffarnagar #WesternUP #JatSamaj #KhapSamaj #SocialUnity #SamajikSodhar #KhapNews #UPNews #LocalNews #BreakingNews #PressConference #RajendraSinghMalik #KhapDecision #BalyanKhap #SarvKhapMinister

