मुज़फ्फरनगर में गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया, नगर कीर्तन और गुरुबाणी की गूंज
अनुज त्यागी
मुज़फ्फरनगर। श्री गुरु सिंह सभा मुज़फ्फरनगर द्वारा श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 556वें प्रकाश उत्सव को बड़े हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 3 नवंबर से सत्संग और शब्द कीर्तन के साथ हुई, जो 5 नवंबर तक चलता रहा।
समापन दिवस पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा से नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें पंज प्यारों की अगुवाई में संगत ने कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया। नगर कीर्तन में बच्चों की झांकियाँ, शब्द गायन, तथा गुरु नानक देव जी के जीवन व उपदेशों से संबंधित प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालुओं ने मार्ग में फूल वर्षा कर संगत का स्वागत किया।
ज्ञानी हरजीत सिंह जी और ज्ञानी भीखो सिंह जी ने इस अवसर पर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु साहिब ने मानव जाति को समानता, भाईचारा, सत्य, सेवा और नाम सिमरन का मार्ग दिखाया। उन्होंने समाज में फैले भेदभाव तथा कुरीतियों के ख़िलाफ आवाज़ उठाई और सबको “नाम जपो, कीरत करो और वंड छको” का संदेश दिया, जो आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन करता है।
कार्यक्रम में गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के बच्चों ने शब्द-कीर्तन कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। सुबह से शाम तक गुरुद्वारे में कीर्तन दरबार चला। इसके बाद गुरु का लंगर भी सेवा भाव से चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर शहर के व्यापारी वर्ग, सामाजिक संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने एक स्वर में भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में किसान नेता राकेश टिकैत व मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक के सपुत्र निशांत मलिक,सपा राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा ने गुरुद्वारे में पहुंचकर माथा टेका
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभा के प्रधान सरदार सतपाल सिंह मान, महासचिव सरदार अजीत सिंह मलिक, उपाध्यक्ष सरदार रविंदर सिंह घम्भीर ,सतनाम हंसपाल सहित सभी पदाधिकारियों व सेवादारों का विशेष सहयोग रहा।



