सहारनपुर। श्रावण मास की महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बुधवार को जनपद के विभिन्न शिव मंदिरों में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिवभक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ मंदिरों में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। भीड़ को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया।

एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कोताही न बरती जाए। उन्होंने समस्त कांवड़ रूट और कांवड़ मार्ग पर स्थित मंदिरों का भी निरीक्षण किया।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक नगर, सहारनपुर ने थाना मंडी व कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित भूतेश्वर मंदिर, बागेश्वर महादेव मंदिर व पातालेश्वर मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सहारनपुर ने क्षेत्राधिकारी नकुड़ के साथ थाना सरसावा क्षेत्रान्तर्गत वनखंडी महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर रहे हैं और मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों की सहायता से सतत निगरानी रखी जा रही है। ड्यूटी में लगे सभी पुलिसकर्मियों की चेकिंग कर उन्हें ब्रीफ किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी श्रद्धालु नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *