मुनस्यारी: जंगली मशरूम खाने से नानी-नातिन की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने दिए जांच के आदेश
अनुज त्यागी अपडेट,राजसत्ता पोस्ट
पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में जंगली मशरूम खाने से नानी और नातिन की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति गठित कर 48 घंटे में रिपोर्ट तलब की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी पिथौरागढ़ की ओर से गठित इस समिति की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक कर रहे हैं। समिति में फिजिशियन डॉ. एससी रजबार और निश्चेतक डॉ. हेमंत शर्मा को शामिल किया गया है।
स्वास्थ्य महानिदेशक ने निर्देश दिए हैं कि जांच समिति इस मामले की सभी पहलुओं से जांच करेगी, जिसमें उपचार प्रक्रिया, चिकित्सकीय निर्णय, रेफरल की समयबद्धता और चिकित्सा प्रोटोकॉल की अनुपालना शामिल है। जांच निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित होगी।
डॉ. टम्टा ने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चिकित्सा प्रोटोकॉल का उल्लंघन पाया जाता है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर विभागीय और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

