कूड़े से सब्जियां चुनकर बेच रहा दुकानदार, मुजफ्फरनगर की सड़कों पर खुलेआम हो रहा जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़
मुजफ्फरनगर। सावधान रहें, कहीं आप भी ऐसी सब्जियां तो नहीं खा रहे हैं जो कूड़े के ढेर से उठाकर बेची जा रही हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक सब्जी विक्रेता कूड़े पर फेंके गए सड़े-गले टमाटर और सब्जियां चुनकर अपनी टोकरी में भरता हुआ साफ नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार यह दुकानदार शामली अड्डे के पास सब्जी मंडी से चुंगी नंबर 2 क्षेत्र से सब्जी लेकर निकलता है और बकरा मार्केट, रुड़की रोड, रामपुरी और कच्ची सड़क क्षेत्र में ठेला लगाकर इन सब्जियों को आम जनता को बेचता है। वीडियो में दिख रहा है कि यह दुकानदार कूड़े में पड़े सड़े टमाटरों को उठाकर बैग में डाल रहा है और फिर यही सब्जियां बाजार में बेची जा रही हैं।
यह मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। इस वीडियो को एक स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे यह हकीकत उजागर हो पाई है।
यदि आप इन क्षेत्रों से सब्जियां खरीदते हैं तो सतर्क रहें और सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही इस्तेमाल करें। यह मामला न केवल स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है बल्कि खाद्य सुरक्षा नियमों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाने जैसा है। प्रशासन से उम्मीद की जा रही है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जाएगी।

