सहारनपुर। श्रावण मास की शिवरात्रि के अवसर पर पूरा नगर भगवान शिव की भक्ति में सराबोर हो गया है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ तीर्थ यात्रियों की सेवा में सहारनपुर नगर पूरी तरह समर्पित हो गया है। चारों ओर ष्बोल बमष् और ष्जय भोलेष् के उद्घोष गूंज रहे हैं, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा है। नगर में लगभग दो दर्जन से अधिक स्थानों पर सेवा शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां कांवड़ियों को जलपान, भोजन, चिकित्सा और विश्राम की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। कांवड़ यात्री रंग-बिरंगी झांकियों के साथ अनुशासित ढंग से अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। नगर की सड़कों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और शहर भगवा रंग में रंगा नजर आ रहा है। प्रमुख चैराहों और यात्रा मार्गों पर पुलिस बल के साथ-साथ सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक भी मुस्तैदी से तैनात हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने हेतु डीआईजी अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन, पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल समेत समस्त प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। अधिकारी स्वयं यात्रा मार्ग पर मौजूद रहकर कांवड़ियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नगरवासियों और शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता है, जो सेवा भाव से कांवड़ यात्रियों का स्वागत कर रहे हैं। यह धार्मिक आयोजन शहर में आस्था, सौहार्द और सहयोग का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।


