अनुज त्यागी/राजसत्ता पोस्ट 8171660000


हरेला पर्व पर पांच लाख पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाएगा उत्तराखंड

देहरादून। उत्तराखंड में इस बार हरेला पर्व (16 जुलाई) पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जाएगी। राज्यभर में एक ही दिन में पांच लाख पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इससे पहले वर्ष 2016 में हरेला पर्व पर दो लाख पौधे लगाए गए थे, जबकि इस बार लक्ष्य को ढाई गुना बढ़ाया गया है।

इस अभियान के तहत गढ़वाल मंडल में तीन लाख और कुमाऊं मंडल में दो लाख पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर इस वर्ष ‘हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ, एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत पूरे जुलाई माह में कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक पौधे लगाने पर फोकस रहेगा।

तैयारियां पूरी, हर जिले में बनी समिति
अभियान को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु ने सभी जिलाधिकारियों को अभियान को सफल बनाने के निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक जिले में संबंधित जिलाधिकारी नोडल अधिकारी होंगे और उनकी अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है, जो सार्वजनिक स्थलों सहित अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन कर पौधरोपण कराएगी।

स्थानीय लोगों की भागीदारी होगी सुनिश्चित
अभियान में स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित हो सके। जिला स्तर पर नामित डीएफओ निःशुल्क पौधों की व्यवस्था करने के लिए नोडल अधिकारी होंगे, ताकि सभी को पौधे आसानी से उपलब्ध हो सकें।

प्रदेश सरकार का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा उत्तराखंड सौंपने का है। हरेला पर्व के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की तैयारी है।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *