बुढ़ाना सीएचसी पर झोलाछाप द्वारा ऑपरेशन कराने के मामले की रालोद नेत्री ने एसडीएम से शिकायत की
दीपक राठी
मुज़फ्फरनगर;राष्ट्रीय लोकदल के महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव शुक्रवार को उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी से मिलने पहुंची। उन्होंने एसडीएम को लिखित शिकायती पत्र देते हुए बताया कि बीते 24 जून को कस्बे के सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिला का सिजेरियन ऑपरेशन झोलाछाप चिकित्सक द्वारा कराया गया था। मीडिया के पहुंचने पर झोलाछाप चिकित्सक और उसका सहायक अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर के पिछले दरवाजे से भागते दिखाई दिए थे। प्रभारी चिकित्सक डॉ अर्जुन द्वारा झोलाछाप को टेक्नीशियन बताया गया जबकि झोलाछाप चिकित्सक का सहायक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में खुद को मरीज के साथ आना बता रहा है। 24 जून को कागजों में दर्शाए गए सर्जन, एनेस्थीसिया डॉक्टर और ओटी लैब टेक्नीशियन सरकारी अस्पताल आए ही नही, उपरोक्त बात की पुष्टि सरकारी अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज देख कर की जा सकती है और उक्त तीनों की 24 जून की लोकेशन चेक कर भी इस बात की पुष्टि की जा सकती है। जानकारी हुई है कि प्रभारी डॉ अर्जुन सिंह अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज डिलीट करा रहे हैं। सरकारी अस्पताल में आए झोलाछाप चिकित्सक का कस्बे के कांधला रोड पर क्लिनिक है जिस पर अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने कोई कार्रवाई नही की है। अनुपमा चौधरी ने बताया कि जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी ने जांच कर बुढ़ाना सीएचसी प्रभारी डॉ अर्जुन सिंह का ट्रांसफर कर दिया था, लेकिन अगले ही दिन ट्रांसफर स्थगित कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले में लीपापोती कर महिलाओं की जान से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने मामले की जांच के लिए एसडीएम मोनालिसा जौहरी को लिखित शिकायत दी है। बताया कि मामले की शिकायत जिलाधिकारी, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, स्वास्थ्य मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी की जाएगी।

