सहारनपुर। रायवाला कपड़ा मार्केट में नाले के ऊपर बने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम द्वारा शुरू की गई कार्रवाई अब ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है। निगम की ओर से जून के अंत में 400 दुकानों पर लाल निशान लगाकर व्यापारियों को 30 जून तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। कहा गया था कि 1 जुलाई से बुलडोजर चलेगा, लेकिन अब 10 दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मार्केट के अधिकांश व्यापारी सत्ता पक्ष से जुड़े हैं, जिसके चलते निगम पर दबाव बनाकर कार्रवाई रुकवा दी गई है। वहीं, बरसात के मौसम में नाले की सफाई न होने और अतिक्रमण बने रहने से जलभराव की गंभीर आशंका है। लोगों का कहना है कि गत दिनों हुई बारिश की स्थिति से सबक न लिया गया तो सहारनपुर को डूबने से कोई नहीं रोक सकता।

नगर निगम की कार्रवाई केवल लाल निशान तक ही सीमित रह गई है। न तो अतिक्रमण हटा और न ही नाले साफ हुए। इससे व्यापारियों के हौसले बुलंद हैं, जबकि आमजन भयभीत है कि बारिश में सड़कों और घरों में पानी भरना तय है।

जनता की मांग है कि नगर निगम बिना किसी राजनीतिक दबाव के अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाए और नालों की सफाई कराए, ताकि सहारनपुर को जलभराव की विभीषिका से बचाया जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *