*
सहारनपुर , मंडी समिति रोड स्थित स्वामी तुरीयानंद मार्केट और आसपास के क्षेत्र में खुले शराब के ठेकों के कारण व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी भयावह है कि शाम छह बजे के बाद व्यापारी अपनी दुकानें बंद करने को मजबूर हो जाते हैं, क्योंकि नशे में धुत शराबियों का जमावड़ा दुकानों के बाहर लग जाता है और खुलेआम सड़क पर खड़े होकर शराब पीते हैं।
व्यापारियों ने बताया कि न सिर्फ उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है बल्कि उनका पारिवारिक जीवन भी संकट में है। आसपास स्थित स्वामी तुरीयानंद आश्रम में शाम को होने वाली आरती में महिलाएं तक नहीं पहुंच पातीं, क्योंकि शराबियों का उत्पात लगातार बढ़ रहा है।
स्वामी तुरीयानंद मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज कालरा ने बताया कि इस संबंध में थाना मंडी प्रभारी से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब व्यापारी आंदोलन के मूड में हैं। कालरा ने कहा कि एक-दो दिन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।
व्यापारियों की मांग है कि मंडी समिति रोड पर शराबियों द्वारा खुलेआम शराब पीने की प्रवृत्ति पर तत्काल रोक लगाई जाए और आबकारी विभाग इस पर सख्त कार्रवाई करे। व्यापारी वर्ग ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा।

