सहारनपुर। उत्तर प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष डॉ. उमेश गौतम ने सहारनपुर के महापौर डॉ. अजय कुमार को उत्तर प्रदेश महापौर परिषद का महासचिव मनोनीत किया है। इस मनोनयन पर जहां अनेक पार्षदों और शहर के गणमान्य लोगों ने महापौर डॉ. अजय को हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है, वहीं महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा है कि इससे उनका दायित्व और अधिक बढ़ गया है। प्रदेश महापौर परिषद का महासचिव मनोनीत होने पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों के नेतृत्व में निगमों में विकास का कार्य तेजी से हो रहा है। महानगरों की दशा और दिशाएं बदल रही हैं। शहरों में हरियाली बढ़ने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उल्लेखनीय प्रगति हुयी है। उन्होंने कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गयी है। महापौर डॉ. अजय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में उ.प्र. महापौर परिषद को और अधिक सक्रिय किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सहारनपुर को भी विकास की दृष्टि से एक आदर्श महानगर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। महानगर के विकास के लिए अनेक योजनाएं शासन को भेजी गयी हैं। निगम में शामिल 32 गांवों के विकास के लिए भी निगम दृढ़ संकल्पित है। महापौर डॉ. अजय कुमार के उत्तर प्रदेश महापौर परिषद का महासचिव मनोनीत किये जाने पर उपसभापति मुकेश गक्खड़, पार्षद दल नेता दिग्विजय चैहान सहित अनेक पार्षदों व भाजपा नेताओं, व्यापारियों एवं बुद्धिजीवियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए महापौर डॉ. अजय को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *